Mar 01, 2026
govt-ads

रंगोत्सव की धूम: सीएम धामी ने जमकर उड़ाया गुलाल, लोक कलाकारों ने बांधा समां

post-img

काशीपुर। होली के अवसर पर नगर निगम प्रशासन द्वारा आयोजित भव्य ‘रंगोत्सव’ कार्यक्रम में रंग, उमंग और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थानीय नागरिकों के साथ जमकर अबीर-गुलाल उड़ाया और सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि होली का त्योहार प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश देता है। यह पर्व आपसी गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं होता और इसी भावना के सहारे पूरे राष्ट्र को एकता के सूत्र में बांधना है। रंगोत्सव में उमड़ी भीड़ को देखते हुए उन्होंने कहा कि यहां ‘मिनी इंडिया’ की झलक दिखाई दे रही है। यह सिर्फ नाच-गाने और रंग लगाने का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करने और संबंधों में गहराई लाने का पर्व है।

सीएम धामी ने कहा कि यदि हम ही हम हैं तो क्या हम हैं, “हम भी हैं, तुम भी हो, तब जीवन सार्थक है।” उन्होंने उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और पर्वों को राज्य की सांस्कृतिक पहचान बताते हुए कहा कि होली हमारी विरासत को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। वैचारिक भिन्नताओं के बावजूद यह पर्व हमें जोड़ने का काम करता है और एकता, समरसता व संगठन का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक पहचान मिल रही है। आज दुनिया भारत की संस्कृति का सम्मान कर रही है। ऐसे समय में हम सभी की जिम्मेदारी है कि अपनी लोक परंपराओं को केवल उत्सवों तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। विशेष रूप से युवाओं से उन्होंने अपील की कि वे आधुनिकता अपनाएं, लेकिन अपनी जड़ों से जुड़े रहें और अपनी परंपराओं पर गर्व करना सीखें। मुख्यमंत्री ने काशीपुर के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि यहां 133 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक पार्क विकसित किया जा रहा है, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा कई बड़े प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। चौती मंदिर को मानस खंड कॉरिडोर में शामिल कर विकसित करने की योजना पर भी काम जारी है, ताकि काशीपुर आस्था नगरी के रूप में भी पहचान बना सके। कार्यक्रम में लोक गायकों इंद्र आर्या, गोविंद दिगारी, खुशी जोशी और पूर्वांचल के गायक आलोक कुमार ने फाग गीतों की प्रस्तुति से समां बांध दिया। वहीं ब्रज के रास कलाकारों ने फूलों की होली की मनोहारी प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नगर निगम प्रशासन द्वारा होली पर इतने बड़े स्तर पर रंगोत्सव का आयोजन काशीपुर के इतिहास में पहली बार हुआ। पखवाड़े भर से इसकी तैयारियां चल रही थीं और हजारों परिवारों को औपचारिक निमंत्रण भेजे गए थे। आगंतुकों के लिए विशेष दोपहर भोज की व्यवस्था भी की गई थी। हजारों की संख्या में उमड़े लोगों ने मुख्यमंत्री की मौजूदगी में गुलाल उड़ाकर रंगोत्सव को यादगार बना दिया।