Mar 01, 2026
govt-ads

बहुफसली प्रणाली से बढ़ेगी किसानों की समृद्धि: कृषि मंत्री ने कहा केवल एक फसल पर निर्भर रहना है घाटे का सौदा

post-img

देहरादून। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रेसवार्ता कर देश में कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश में इस वर्ष रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन हुआ है, जो किसानों की मेहनत और सरकार की योजनाओं का परिणाम है। प्रेसवार्ता के दौरान कृषि मंत्रालय की ओर से पहली बार मसूरी से जुड़े आंकड़े भी जारी किए गए। मंत्री ने बताया कि मसूरी क्षेत्र में संचालित कृषि योजनाओं के तहत किसानों को आधुनिक तकनीक, उन्नत बीज और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे उत्पादन क्षमता में वृद्धि के साथ आय बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यदि किसानों को वास्तविक लाभ कमाना है तो उन्हें केवल परंपरागत खेती तक सीमित नहीं रहना चाहिए। समय के साथ नई तकनीकों को अपनाना, आधुनिक उपकरणों का उपयोग करना और वैज्ञानिक पद्धतियों को खेत तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि फसलों में विविधता लाना समय की मांग है। एक ही फसल पर निर्भर रहने के बजाय बहुफसली प्रणाली अपनाने से जोखिम कम होगा और आय के स्रोत बढ़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि खेती की पद्धतियों में बदलाव लाना अनिवार्य है। जल संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन और जैविक संतुलन बनाए रखने पर विशेष ध्यान देना होगा। आने वाली पीढ़ियों के लिए भूमि की उर्वरता को सुरक्षित रखना सरकार और किसानों दोनों की साझा जिम्मेदारी है। केंद्रीय मंत्री ने विश्वास जताया कि नई तकनीक, नवाचार और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से कृषि क्षेत्र और मजबूत होगा तथा किसानों की आय में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित की जा सकेगी।