Feb 06, 2026
govt-ads

परीक्षा पे चर्चा में उत्तराखंड की भागीदारी बढ़ी, सीएम धामी ने साझा किए आंकड़े

post-img

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेशविला रोड स्थित सेंट एंग्नेस स्कूल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि स्कूली परीक्षा कोई बोझ या डर का विषय नहीं है, बल्कि यह जीवन में परिपक्व होने का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री के परीक्षा पे चर्चा के नौवें संस्करण से पूरा देश जुड़ा है और यह आयोजन अब केवल संवाद नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय आंदोलन का रूप ले चुका है।

सीएम धामी ने अपने स्कूली जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि स्कूल का समय जीवन का सबसे अमूल्य समय होता है, जो कभी लौटकर नहीं आता। इसलिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल, कला और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा एक अवसर है, जिसमें छात्र एक योद्धा की तरह आत्मविश्वास, धैर्य और शांति के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं। केवल परीक्षा उत्तीर्ण करना ही सफलता नहीं है, जीवन में लक्ष्य और संभावनाएं इससे कहीं अधिक व्यापक होती हैं। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से लक्ष्य तय कर प्राथमिकताओं के साथ आगे बढ़ने, सकारात्मक सोच अपनाने और परीक्षा के दबाव से मुक्त रहकर तैयारी करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें और उनकी तुलना दूसरों से न करें, बल्कि उन्हें प्रोत्साहन और सहयोग दें। परीक्षा पे चर्चा 2026 के तहत देशभर में चार करोड़ से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने पंजीकरण किया है, जिससे पूर्व का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटने की संभावना है। उत्तराखंड से इस वर्ष लगभग सात लाख विद्यार्थी, 53 हजार से अधिक शिक्षक और 14 हजार से अधिक अभिभावक जुड़े हैं। खास बात यह है कि राज्य के विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए 10 प्रेरक वीडियो में से एक वीडियो राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुआ है। यह वीडियो राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाला कुराली, विकासखंड जखोली, रुद्रप्रयाग के छात्र रोहन सिंह राणा द्वारा तैयार किया गया है। रोहन सिंह राणा को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में दिल्ली आमंत्रित किया गया है, जो पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।