देहरादून। उत्तराखंड सरकार की ओर से आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत सोमवार को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से गुजरात स्थित पवित्र सोमनाथ धाम के लिए विशेष आस्था ट्रेन रवाना हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हर्रावाला रेलवे स्टेशन पहुंचकर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस विशेष रेल यात्रा में राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित 720 श्रद्धालु निशुल्क सोमनाथ धाम की यात्रा पर निकले। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को मजबूत करने के साथ-साथ श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ धाम भारत की आस्था, संस्कृति और गौरव का महत्वपूर्ण प्रतीक है तथा इस यात्रा से श्रद्धालुओं को धार्मिक अनुभव के साथ-साथ राष्ट्रीय सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग की ओर से संचालित इस विशेष यात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। यात्रा के दौरान यात्रियों को सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात्रि भोजन, पीने का स्वच्छ पानी, चाय-कॉफी, शीतल पेय, छाछ तथा पैक्ड नारियल पानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा चिकित्सा सहायता और सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग यात्रियों को शुभकामनाएं देने स्टेशन पहुंचे। धार्मिक नारों और जयघोष के बीच आस्था ट्रेन अपने गंतव्य की ओर रवाना हुई। हालांकि यात्रा शुरू होने से पहले ट्रेन में यात्रियों के चयन को लेकर कुछ विवाद भी सामने आया। जानकारी के अनुसार, विशेष ट्रेन में सिफारिश के आधार पर कुछ अधिकारियों के परिजनों और बच्चों के सवार होने को लेकर नोडल अधिकारी और अभिभावकों के बीच कहासुनी की स्थिति बन गई। हालांकि प्रशासन ने मामले को शांत कराते हुए यात्रा को निर्धारित समय पर रवाना कराया। सरकार का कहना है कि इस तरह की धार्मिक यात्राओं का उद्देश्य केवल श्रद्धालुओं को सुविधा उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक परंपराओं से लोगों को जोड़ना भी है। श्रद्धालुओं ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे यादगार और सुविधाजनक यात्रा बताया।

