हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरी में सड़क किनारे नवजात शिशु मिलने से हड़कंप मच गया। रविदास मंदिर मार्ग से गुजर रहे लोगों की नजर जब सड़क किनारे पड़े नवजात पर पड़ी तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान एक स्थानीय महिला ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए नवजात को उठाया और उसे कपड़े से साफ कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिडकुल पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को अपने संरक्षण में लेकर अस्पताल भिजवाया। जानकारी के अनुसार सुबह रविदास मंदिर मार्ग पर लोग अपने रोजमर्रा के काम से गुजर रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे एक नवजात शिशु पड़ा दिखाई दिया। बच्चे को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। स्थानीय महिला ने आगे बढ़कर नवजात को उठाया और उसे सुरक्षित रखने का प्रयास किया। इसके बाद महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही सिडकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने नवजात को अपने संरक्षण में लिया और तत्काल उसके स्वास्थ्य की जांच कराई। इसके साथ ही मामले की जानकारी चाइल्ड हेल्पलाइन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम को दी गई। आवश्यक कार्रवाई के बाद नवजात को संबंधित टीम के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार नवजात की हालत फिलहाल ठीक है और वह सुरक्षित है। उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। वहीं, बच्चे को सड़क किनारे छोड़ने की घटना को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सिडकुल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को सड़क किनारे कौन छोड़कर गया और इसके पीछे क्या परिस्थितियां रही होंगी। थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। फुटेज के आधार पर नवजात को सड़क किनारे छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नवजात पूरी तरह सुरक्षित है और उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। फिलहाल नवजात के मिलने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बच्चे को सड़क किनारे किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा था।

