Apr 07, 2026
govt-ads

रुद्रप्रयाग जिले की विकास योजनाओं को मिली हरी झंडी, सीएम धामी ने समीक्षा कर कार्यों में तेजी लाने को कहा

post-img

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य में विकास कार्यों की गति और जन-समस्याओं के समाधान को लेकर बेहद गंभीर नजर आ रहे हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री ने पांच महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्रों थराली, कर्णप्रयाग, केदारनाथ, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग की मुख्यमंत्री घोषणाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दो-टूक शब्दों में चेतावनी दी कि जनहित के कार्यों में अनावश्यक विलंब करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और उन पर सख्त कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को बेहतर बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में 'हेली एंबुलेंस' की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि आपात स्थिति में कीमती जान बचाई जा सके। सीएम ने कहा,अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें और उनके द्वारा उठाई गई समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करें।

आगामी चारधाम यात्रा के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने होटल एसोसिएशन के साथ समन्वय कर वाणिज्यिक सिलेंडरों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की बात भी कही। साथ ही, मानसून के दस्तक देने से पहले वर्षाकाल की चुनौतियों और बाढ़ नियंत्रण से संबंधित कार्यों को युद्धस्तर पर पूर्ण करने के आदेश दिए। समीक्षा बैठक में सीएम ने विभागों के बीच आपसी तालमेल की कमी पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यदि किसी कार्य का प्रस्ताव एक विभाग से दूसरे विभाग को हस्तांतरित होना है, तो उसे तुरंत भेजा जाए। फाइल को लटकाने वाले विभाग की जवाबदेही तय होगी। सीएम ने वन विभाग के स्तर पर लंबित प्रकरणों की अलग से समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य जन-समस्याओं का त्वरित समाधान है। उन्होंने सचिवों को निर्देश दिए कि वे खुद इन क्षेत्रों की समस्याओं की मॉनिटरिंग करें। विकास कार्यों में 'क्वालिटी' और 'डेडलाइन' का विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में यह संदेश साफ था कि मुख्यमंत्री अब केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके धरातल पर उतरने की बारीकी से जांच कर रहे हैं।