जिला विज्ञान संग्रहालय का दौरा: मुख्यमंत्री ने तकनीकी प्रगति और नवाचार पर युवा शोधकर्ताओं से किया संवाद

Blog
 Image

पौड़ी। शहीद नगरी और कमिश्नरी मुख्यालय पौड़ी के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने पौड़ी दौरे के दौरान क्षेत्र को विकास और सांस्कृतिक गौरव की एक नई ऊंचाई दी। सीएम धामी ने श्रीनगर रोड स्थित डॉ. अंबेडकर जिला विज्ञान संग्रहालय का विधिवत लोकार्पण किया और इसके बाद ऐतिहासिक रामलीला मैदान में कंडोलिया महोत्सव का शानदार शुभारंभ किया। इस खास मौके पर उन्होंने पौड़ी जनपद को 110.55 करोड़ रुपये की लागत वाली 19 महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान लोक आस्था के केंद्र कंडोलिया ठाकुर मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना भी की। मुख्यमंत्री ने लोकार्पण के बाद नवनिर्मित विज्ञान संग्रहालय का गहनता से भ्रमण किया। वहां स्थापित आधुनिक उपकरणों, इंटरएक्टिव मॉडल और प्रयोगात्मक शिक्षण व्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने खुशी जताई। उन्होंने वहां मौजूद विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया और स्वयं भी कई वैज्ञानिक प्रदर्शनों में हिस्सा लिया। सीएम धामी ने कहा कि यह विज्ञान संग्रहालय केवल कोई प्रदर्शनी स्थल नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के युवाओं और छात्रों के लिए आधुनिक विज्ञान और नवाचार (इन्नोवेशन) का सबसे बड़ा केंद्र बनेगा। अब बच्चों को विज्ञान समझने के लिए केवल किताबों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, बल्कि वे प्रयोगों के जरिए इसे प्रत्यक्ष देख और समझ सकेंगे।

रामलीला मैदान में उमड़ी भारी जनमेदिनी को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी घोषणा की कि कंडोलिया महोत्सव को अब सरकारी कार्यक्रम के अंतर्गत 'राजकीय महोत्सव' के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, सनातन परंपराओं और युवाओं की प्रतिभा को वैश्विक मंच देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मूल मंत्र 'विकास भी और विरासत भी' को धरातल पर उतारते हुए राज्य सरकार अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में मिलेट मिशन, होमस्टे और 'हाउस ऑफ हिमालय' जैसे ब्रांड को प्रमोट किया जा रहा है। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने युवाओं और राज्य की सुरक्षा के लिए उठाए गए कड़े कदमों को जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले माफियाओं के खिलाफ देश का सबसे सख्त 'नकल विरोधी कानून' उत्तराखंड में लागू किया गया है। इसका नतीजा है कि पिछले चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को बिना किसी धांधली के पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इसके साथ ही उन्होंने देवभूमि की सनातन संस्कृति और मूल स्वरूप को बचाने के लिए लागू किए गए 'समान नागरिक संहिता', सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा विरोधी कानून और भू-कानून का विशेष रूप से उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का लेखा-जोखा देते हुए कहा कि प्रदेश की पहली एनसीसी अकादमी, एनआईटी परिसर, गंगा संस्कृति केंद्र, बहुप्रतीक्षित सिंगटाली पुल, पौड़ी-शश्रीनगर मार्ग का चौड़ीकरण, नई झील का निर्माण और आधुनिक ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक जैसी बुनियादी ढांचागत योजनाएं पौड़ी और श्रीनगर क्षेत्र में रोजगार व पर्यटन की संभावनाओं को पंख लगाने का काम करेंगी। इस भव्य कार्यक्रम में उमड़ी जनता ने मुख्यमंत्री के विकासपरक विजन का करतल ध्वनि से स्वागत किया।