गंगोलीहाट को बस डिपो घोषित करने की मांग, मुख्यमंत्री से देहरादून-दिल्ली-नैनीताल समेत प्रमुख रूटों पर सीधी बस सेवा शुरू करने की अपील

Blog
 Image

गंगोलीहाट। पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र में परिवहन सुविधाओं के विस्तार को लेकर स्थानीय जनता ने एकजुट होकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। उपजिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित इस ज्ञापन में गंगोलीहाट स्थित नवनिर्मित बस स्टेशन को उत्तराखंड परिवहन निगम का पूर्ण बस डिपो घोषित करने तथा यहां से विभिन्न महत्वपूर्ण मार्गों पर नियमित बस सेवाएं शुरू करने की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को नई दिशा मिली है। विशेष रूप से गंगोलीहाट क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों महाकाली मंदिर, चामुण्डा मंदिर, पाताल भुवनेश्वर, त्रिपुरा देवी मंदिर, कोटगाड़ी मंदिर और रामेश्वर मंदिर को मानसखंड मंदिर माला मिशन में शामिल किए जाने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे बेहतर परिवहन सेवाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही है। ज्ञापन में स्पष्ट कहा गया है कि वर्तमान परिवहन व्यवस्था बढ़ती आवाजाही के लिए पर्याप्त नहीं है। ऐसे में गंगोलीहाट को बस डिपो का दर्जा देकर कई महत्वपूर्ण रूटों पर सीधी बस सेवाएं संचालित की जानी चाहिए। इनमें गंगोलीहाट से जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ तक कालिका मंदिर और थल-बेरीनाग मार्ग होते हुए दो बसें, गंगोलीहाट से देहरादून तक जागेश्वर-अल्मोड़ा मार्ग से सेवा, बरेली के लिए चम्पावत-खटीमा मार्ग, नैनीताल के लिए रानीखेत मार्ग तथा देश की राजधानी दिल्ली के लिए सेराघाट-कैंची धाम होते हुए सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इन मार्गों पर बस संचालन शुरू होने से आम नागरिकों को आवागमन में राहत मिलेगी। छात्रों, मरीजों, व्यापारियों और सरकारी कार्यों से यात्रा करने वाले लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलने से स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। ज्ञापन में क्षेत्र की जनता ने मुख्यमंत्री से भावुक अपील करते हुए कहा है कि वे क्षेत्र के अभिभावक के रूप में जनभावनाओं का सम्मान करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लें। ज्ञापन पर क्षेत्र पंचायत प्रमुख विनोद कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष विमल रावल, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश महामंत्री दर्पण कुमार, व्यापार संघ अध्यक्ष हितेश खाती, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष संजेश मेहता, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भगवान सिंह डोभाल, कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ मनोज टम्टा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष ओबीसी मोर्चा रविन्द्र लाल वर्मा, गौरव पंत, लिखित पंत, भगवती पंत, विधायक प्रतिनिधि कृष्ण सिंह बोहरा समेत दर्जनों जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, जिला पंचायत सदस्यों, सामाजिक संगठनों और व्यापार मंडल प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व प्रमुख लालित पाठक, मनोज टम्टा, हयात सिंह बोरा, राजेंद्र पंत, मनोज उप्रेती, गौरव पंत, मनोज रावल, गोपाल  सिंहएलिखित पंत आदि मौजूद रहे।