देहरादून। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर आज प्रदेश के विभिन्न जिलों से कर्मचारी देहरादून परेड ग्राउण्ड पहुंचे। कर्मचारियों की भीड को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया और सुरक्षा व्यवस्था चौकस की गयी। अभी भी बसों और अन्य वाहनों के माध्यम से धीरे-धीरे कर्मचारी एकजुट हो रहे हैं। अब तक करीब तीन हजार कर्मचारी परेड ग्राउंड में पहुंच चुके हैं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए स्थानीय पुलिस के अलावा तीन प्लाटून पीएसी को भी ड्यूटी पर मुस्तैद किया गया है। पुलिस की ओर से सचिवालय से पहले बैरिकेडिंग किया गया है। जिस तरह कर्मचारियों की संख्या काफी अधिक है उसको देखते हुए पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। आंदोलन का नेतृत्व विजय कुमार बंधू राष्ट्रीय अध्यक्ष कर रहे हैं, जिसमे सभी शिक्षक, अधिकारी व कर्मचारी शामिल हैं। गौरतलब है कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कर्मचारी पहले से ही मुखर हैं। आए दिन कर्मचारियों द्वारा मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन आदि किए जाते रहे हैं। आज तय कार्यक्रम के अनुसार कर्मचारी राजधानी पहुंच रहे हैं।