उत्तराखंड कांग्रेस पार्टी में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के ट्वीट के बाद आया हुआ भूचाल उत्तराखंड कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं नेताओं की दिल्ली में परेड के बाद शांत होता नजर आने लगा है। ट्वीट करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के सुर दिल्ली दरबार में हाजरी के बाद बदले से नजर आ रहे हैं। ट्वीटर पर किए गए हरीश रावत के एक ट्वीट ने उत्तराखंड कांग्रेस में बुरी तरीके से उथल- पुथल मचा दी थी। जिसमें उनके द्वारा प्रदेश संगठन पर उंगली उठाई गई थी, और सहयोग न करने की बात कही गई थी। सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा ने इस मुद्दे को तुरंत ही लपक लिया और कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान को हवा देने के लिए पूरी प्रदेश भाजपा लग गई थी।आगामी विधानसभा चुनाव में इस मुद्दे को जोर-शोर से भुनाने के लिए प्रदेश के सीएम तक ने इस बात को प्रमुखता से उठाया था। इस सब को देखते हुए कांग्रेस दिल्ली आलाकमान ने तुरंत ही उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के समस्त पदाधिकारियों जिनमें प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को दिल्ली तलब कर लिया था। हरीश रावत द्वारा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ वार्ता के पश्चात उत्तराखंड में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को पूरी उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा साथ मिलजुल कर लड़ने की बात कही गई है। इसी के साथ इस मुद्दे का यहीं पर पटाक्षेप होने की बात स्पष्ट हो गई है।