नई दिल्ली। खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह की तलाश लगातार जारी है इस बीच इस मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। खबरों की मानें तो अमृतपाल सिंह दिल्ली में भी सड़कों पर दिखा था। दिल्ली में एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह, 21 मार्च को दिल्ली में बिना पगड़ी और चेहरे पर नकाब के साथ देखा गया था। उसने सनग्लासेस और डेनिम जैकेट पहनी थी। सीसीटीवी क्लिप में उसका सहयोगी लवप्रीत सिंह भी नजर आ रहा है। दोनों ने अपनी पहचान छुपाने के लिए मास्क भी पहन रखा था। 18 मार्च को पंजाब में उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की ओर से अभियान शुरू किया गया था। तब से वह लगातार फरार चल रहा है। सूत्रों ने कहा कि अमृतपाल सिंह और उसका सहयोगी हरियाणा के कुरुक्षेत्र के रास्ते दिल्ली आए। पुलिस ने इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी है कि क्या वह अभी भी दिल्ली में छिपा हो सकता है या राष्ट्रीय राजधानी से भी भाग गया है। भारत के हिमालयी पड़ोसी नेपाल ने पहले ही अमृतपाल सिंह को अपनी निगरानी सूची में डाल दिया है क्योंकि वह नकली पासपोर्ट का उपयोग करके सीमा पार करने का प्रयास कर सकता है।