नई दिल्ली। होली के दिन बिहार के गया में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां गूलरवेद गांव में धमाके के साथ तोप का गोला गिरने से पति-पत्नी समेत परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में तीन सदस्य घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें से एक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। बताया जाता है कि घटना के समय सभी होली खेल रहे थे। बाराचट्टी थाना क्षेत्र के बुमेर पंचायत के गूलरवेद गांव से एक किलोमीटर दूर मिलिट्री फायरिंग रेंज है। बुधवार की सुबह करीब 8 बजे मिलिट्री के जवान अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान एक तोप का गोला उनके गांव में गिरा। इसकी चपेट में एक ही परिवार के 6 लोग आ गए। तीन के चीथड़े उड़ गए। घटनास्थल पर ही तीन की मौत हो गई, जबकि 2 महिला और एक पुरूष गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे में गोला मांझी के दामाद गोविंदा मांझी (29) निवासी डोभी और सूरज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बेटी बेटी कंचन कुमारी (28) की इलाज के लिए ले जाते हुए रास्ते में मौत हो गई। गीता कुमारी (11), लाच्छो देवी (30) और पिंटू मांझी(25) घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। इस संबंध में बाराचट्टी थानाध्यक्ष राम लखन पंडित ने बताया कि बाराचट्टी के बूमर पंचायत के गूलरवेद गांव में तोप के गोला से दो लोगों की मौत की सूचना मिली है। दो से तीन लोग घायल हैं। सभी को मगध मेडिकल रेफर कर दिया गया है।