देहरादून। राजधानी देहरादून से एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। सोमवार सुबह-सुबह एक मामूली ओवरटेकिंग विवाद इतना बढ़ गया कि उसने खूनी रूप ले लिया और इस हिंसा की कीमत एक निर्दोष रिटायर्ड ब्रिगेडियर को अपनी जान गंवाकर चुकानी पड़ी। घटना राजपुर थाना क्षेत्र के मसूरी रोड स्थित मालसी इलाके की है, जहां सुबह दो कार सवारों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर कहासुनी हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि एक कार सवार ने दूसरी कार का पीछा करना शुरू कर दिया। इसी दौरान पीछा कर रहे वाहन से फायरिंग शुरू हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे 70 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को गोली लग गई। गोली लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़े। तभी आसपास मौजूद लोग उन्हें आनन-फानन में तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने मामले को और गंभीर बना दिया है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक सफेद फॉर्च्यूनर कार आगे भाग रही है, जबकि पीछे से एक काली स्कॉर्पियो कार उसका पीछा कर रही है। कुछ ही पलों में गोलियों की आवाज गूंजती है और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है। घटना के समय कई लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले हुए थे, जो इस खौफनाक मंजर के गवाह बने। इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा भी देखा जा रहा है, क्योंकि दिनदहाड़े इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इधर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Trending
धोखे की शिकार हुई युवती: लक्सर पुलिस अब आरोपी युवक की तलाश में दे रही है दबिश
एफपीआई बिकवाली जारी, बाजार में उतार-चढ़ाव बरकरार
लापता पायलट को बचाने के लिए अमेरिका का रणनीतिक ऑपरेशन
क्या देहरादून में थमेगा पेंशन का फर्जीवाड़ा? सीडीओ अभिनव शाह के आदेश से अधिकारियों में मचा हड़कंप
उत्तराखंड के सीमांत गांवों में स्वास्थ्य संकट: चमोली में सड़क न होने से पालकी में ले जाई गई घायल गुड्डी देवी
श्यामपुर पुलिस ने किया कोर्ट में पेश: हरिद्वार हत्याकांड की मुख्य आरोपी पूजा को मिली न्यायिक हिरासत
12 अप्रैल तक परेड ग्राउंड में सजेगी ज्ञान की महफिल: पुस्तक प्रेमियों के लिए दून बुक फेस्टिवल में विशेष छूट और ऑफर
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग का कवच: चारधाम यात्रा से पहले डॉक्टरों को दी जा रही विशेष ट्रेनिंग