देहरादून। राजधानी देहरादून में रविवार को राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखते ही बना। गांधी पार्क से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हर घर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री स्वयं हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। उनके नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय लोग शामिल हुए। हाथों में लहराता तिरंगा और ‘भारत माता की जय’ व ‘वंदे मातरम’ के नारों से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। गांधी पार्क से शुरू हुई तिरंगा यात्रा निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ी। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा भी शामिल रहे। कार्यकर्ता हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। जगह-जगह तिरंगे के साथ उमड़ा उत्साह लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। यात्रा के माध्यम से राष्ट्र की एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हर घर तिरंगा यात्रा कोई सामान्य कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के गौरव और स्वाभिमान के उत्सव की यात्रा है। उन्होंने कहा कि यात्रा में उमड़ा जनसैलाब और लोगों के हाथों में लहराता राष्ट्रीय ध्वज इस बात का प्रतीक है कि राष्ट्रभक्ति की भावना देवभूमि के कण-कण में बसी हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा 140 करोड़ भारतीयों की आन, बान, शान और स्वाभिमान का प्रतीक है। इसके केसरिया रंग में वीरता और साहस, सफेद रंग में शांति और सत्य तथा हरे रंग में समृद्धि और विकास की भावना निहित है। तिरंगे के बीच अंकित अशोक चक्र देशवासियों को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जब तिरंगा आसमान में लहराता है तो हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को तिरंगा यूं ही नहीं मिला है। आजादी और राष्ट्र की रक्षा के लिए मां भारती के असंख्य सपूतों ने हंसते-हंसते अपने प्राण न्यौछावर किए। आजादी के बाद भी देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए भारतीय सैनिकों ने अदम्य साहस और शौर्य का परिचय दिया है। उन्होंने तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों से आह्वान किया कि वे देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए हमेशा एक कदम आगे बढ़कर काम करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि देश के सामने जब भी कोई संकट या चुनौती आएगी, देशवासी एकजुट होकर उसका सामना करेंगे। राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सीएम धामी ने कहा कि भारत अमृत काल में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व पटल पर अपनी नई पहचान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज का भारत किसी के आगे झुकने वाला नहीं, बल्कि अपनी बात मजबूती से रखने वाला भारत है। देश की बढ़ती आर्थिक और सामरिक शक्ति का प्रभाव पूरी दुनिया में दिखाई दे रहा है। उन्होंने डिजिटल क्रांति, आधारभूत ढांचे के विकास, स्वदेशी तकनीक और मेक इन इंडिया का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों से आत्मनिर्भर भारत की नई पटकथा लिखी जा रही है। भारत की युवा शक्ति, तकनीकी क्षमता और नवाचार देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना हमेशा से पराक्रम और शौर्य की मिसाल रही है। सेना के सामर्थ्य और मनोबल को और मजबूत किया गया है। देश की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए पूरी तरह समर्पित है। सीएम ने सैन्य धाम का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सैनिकों के सम्मान में भव्य सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है और जल्द ही इसे जनता को समर्पित किया जाएगा। यह धाम प्रदेश के वीर सैनिकों और शहीदों के सम्मान का प्रतीक बनने के साथ आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है। प्रदेश के अनेक वीर सपूतों ने देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है। तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करते हैं और उन्हें अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों का बोध कराते हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना से जोड़ना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर घर तक तिरंगा पहुंचाने और अभियान को व्यापक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और दुनिया में एक मजबूत राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। देश की उपलब्धियों और वीर जवानों के बलिदान को याद करते हुए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

